गरमपानी- भवाली अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गरमपानी खैरना बाजार में सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खैरना पोस्ट ऑफिस के समीप सड़क पार कर रही 75 वर्षीय महिला को कपकोट बागेश्वर से हल्द्वानी की ओर जा रही बोलेरो वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार सावित्री देवी पत्नी स्वर्गीय पदम सिंह उम्र 75 वर्ष निवासी गरमपानी पोस्ट ऑफिस के समीप सोमवार सुबह सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान कपकोट बागेश्वर की ओर से हल्द्वानी जा रही बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला सड़क के बीचोंबीच जा गिरीं। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों और वाहन चालक की मदद से घायल सावित्री देवी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही खैरना चौकी प्रभारी सतीश उपाध्याय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया। चौकी प्रभारी सतीश उपाध्याय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

