भवाली। भीमताल रोड स्थित फरसौली रोडवेज कार्यशाला में मंगलवार को उत्तराखंड रोडवेज इम्प्लाइज यूनियन ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर धरना दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने “अभी तो ली अंगड़ाई है, आगे और लड़ाई है” और “हमारी मांगें पूरी करो” के नारे लगाकर प्रदर्शन किया। यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष सतनाम सिंह ने कहा कि निगम में सेवारत कर्मचारियों को मासिक वेतन और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को देयकों का भुगतान समय से किया जाए। नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी होने तक संविदा कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए। संविदा, विशेष श्रेणी चालक-परिचालक, बाह्य स्रोत और तकनीकी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में भी नियमित कर्मचारियों के अनुरूप दिसंबर 2025 और जुलाई 2026 से समानुपातिक बढ़ोतरी के आदेश जारी करने की मांग की गई। उन्होंने निगम के बस स्टेशनों और स्टेशनों के आसपास संचालित हो रहे अवैध डग्गामार वाहनों पर रोक लगाने, यूनियन द्वारा दिए गए पत्रों और नोटिस पर कार्रवाई करने तथा निगम में कर्मचारियों की नियुक्ति सीधे परिवहन निगम के माध्यम से करने की मांग उठाई। एजेंसी के माध्यम से भर्ती पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग की गई। यूनियन ने परिवहन निगम के कर्मचारियों को राज्य कर्मचारियों की तर्ज पर बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ देने की मांग की। कर्मचारियों ने 55 से 58 और 58 से 60 प्रतिशत महंगाई भत्ते का लाभ संबंधित तिथि से देने के साथ ही 46 से बढ़कर 50 प्रतिशत हुए महंगाई भत्ते के बकाया एरियर का जल्द भुगतान करने की मांग की। धरने में शाखा अध्यक्ष हेम चंद्र बेलवाल, सागर, ओम प्रकाश, कुलदीप सिंह, साजिद, बसंत लाल, अखिलेश जोशी, प्रेम सिंह, कुंदन सिंह मेहरा, दीप चंद्र, जितेंद्र सिंह, विमला देवी और कैलाश चंद्र समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



