भवाली। उत्तराखंड रोडवेज इम्प्लाइज यूनियन ने अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष सतनाम सिंह ने कहा कि यूनियन के प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेश के सभी डिपो में आंदोलन किया जाएगा। मांगों का समाधान नहीं होने पर 16 अक्टूबर से प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी गई है।
यूनियन के अनुसार सात सूत्रीय मांगों को लेकर प्रांतीय कार्यालय की ओर से पत्रांक 318/प्रांतीय/नोटिस/देहरादून/2026, दिनांक 17 सितंबर 2026 के माध्यम से प्रबंध निदेशक को नोटिस दिया गया था। इसके बाद आंदोलन की रूपरेखा तय की गई है।आंदोलन के प्रथम चरण में छह अक्टूबर को प्रदेश के सभी रोडवेज डिपो में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। दूसरे चरण में 11 अक्टूबर को देहरादून, नैनीताल और टनकपुर मंडल में मंडलीय प्रबंधक (संचालन) कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया जाएगा।
यूनियन ने कहा कि इसके बावजूद मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 16 अक्टूबर से प्रदेश स्तर पर संपूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। भवाली डिपो शाखा ने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों से निर्धारित तिथियों पर आंदोलन में शामिल होने तथा समय से अवकाश प्रार्थना पत्र जमा करने का आह्वान किया है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

