नैनीताल में गड्ढामुक्त होंगी सड़कें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री के निर्देश पर डीएम सख्त, क्षतिग्रस्त मार्गों की समयबद्ध मरम्मत के आदेश
नैनीताल। मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि), राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों को जिले की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लापरवाही और मानकों की अनदेखी मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने 13 अक्टूबर को आयोजित समीक्षा बैठक में मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को मरम्मत कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय पर काम पूरा करने को कहा है।
खराब मरम्मत मिली तो दोबारा ठीक करानी होगी सड़क
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मार्गों पर अब तक गड्ढे नहीं भरे गए हैं, वहां तत्काल मरम्मत शुरू की जाए। वहीं, जिन सड़कों पर पहले मरम्मत की जा चुकी है, लेकिन गुणवत्ता में कमी है, उन्हें तकनीकी मानकों के अनुरूप दोबारा ठीक कराया जाए। उन्होंने कहा कि मरम्मत का उद्देश्य केवल गड्ढे भरना नहीं, बल्कि सड़कों की स्थिति में स्थायी सुधार करना होना चाहिए।
निरीक्षण कर तय करें अधिकारियों की जवाबदेही
जिलाधिकारी ने लोनिवि, राष्ट्रीय राजमार्ग और पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त मार्गों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में अनावश्यक देरी, लापरवाही या गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
डीएम ने कहा कि सड़कों पर गड्ढों के कारण आमजन को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग गंभीरता से काम करें। मरम्मत कार्यों में तकनीकी मानकों का पालन करते हुए उन्हें समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



