पर्यटन नगर की प्रमुख मांगों पर विकास भवन में समीक्षा बैठक
धारी।
पर्यटन नगर भीमताल में लंबे समय से चली आ रही चिकित्सा एवं परिवहन संबंधी समस्याओं को लेकर विकास भवन भीमताल के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) की अध्यक्षता में हुई, जिसमें चिकित्सा विभाग, परिवहन विभाग, राजस्व विभाग, नगर पालिका तथा नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नगर के सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी ने बताया कि हाल ही में उन्होंने इन दोनों प्रमुख मांगों को लेकर माननीय मुख्यमंत्री के नाम मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल को ज्ञापन सौंपा था। उसी क्रम में सीडीओ के निर्देश पर यह समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगर की दो दशक पुरानी रोडवेज बस अड्डा निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया गया। इस पर परिवहन एवं राजस्व विभाग द्वारा अब तक की गई कागजी कार्यवाही और भूमि चयन की जानकारी मांगी गई, लेकिन अधिकारियों द्वारा कोई ठोस दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इस पर डीडीओ गोस्वामी ने परिवहन एवं राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से मौके पर निरीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
राज्य आंदोलनकारी बी.डी. पलड़िया ने हल्द्वानी से भीमताल के लिए अतिरिक्त बसें चलाने की मांग रखी, जिस पर परिवहन विभाग के अधिकारियों ने फिलहाल दो बसें बढ़ाने और नई बसें उपलब्ध होने पर नौकुचियाताल–भीमताल–नैनीताल मार्ग पर सेवाएं बढ़ाने का आश्वासन दिया।
बैठक में स्थानीय निवासी रमेश पलड़िया ने बोहराकुन के समीप पिछले वर्ष रोडवेज बस दुर्घटना से क्षतिग्रस्त हुए ग्रामीण मार्ग के निर्माण का मुद्दा उठाया। इस पर डीडीओ द्वारा आपदा मद से मार्ग निर्माण हेतु पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। डॉक्टरों, नर्सों व स्टाफ की तैनाती, अल्ट्रासाउंड मशीन की स्थापना, जर्जर भवन के पुनर्निर्माण, डायलिसिस सुविधा, एम्बुलेंस व्यवस्था जैसे मुद्दों पर डीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग को मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही उप जिला अस्पताल के लिए भूमि चयन का कार्य राजस्व विभाग को सौंपा गया।
नगर पालिका अधिकारियों को शहर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने और आवारा कुत्तों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए। डीडीओ ने सभी विभागों को मांगों से संबंधित कागजी कार्यवाही सहित शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा तथा अगली बैठक की तिथि शीघ्र निर्धारित करने की बात कही।
बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी, राज्य आंदोलनकारी बी.डी. पलड़िया, मधुसूदन मिश्रा, गणेश पंत, रमेश पलड़िया, नरेश वर्मा, शुभम कुमार, डॉ. हेमंत महतोलिया, राहुल कुमार, महेंद्र धौनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

