कैंची धाम में ओम पुल निर्माण को लेकर होटल एसोसिएशन में आक्रोश, कहा- मंदिर की सुंदरता हो रही प्रभावित

ख़बर शेयर करें

नैनीताल के प्रसिद्ध कैंची धाम में निर्माणाधीन ओम पुल को लेकर होटल एसोसिएशन ने नाराजगी जताई है। एसोसिएशन अध्यक्ष भुवन तिवारी ने कहा कि पुल का निर्माण इस तरह किया जा रहा है कि इससे कैंची धाम मंदिर का अधिकांश हिस्सा ढक गया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुल की जरूरत से इनकार नहीं है, लेकिन इतना भारी-भरकम पुल बनाया जाना उचित नहीं है। भुवन तिवारी ने कहा कि महाराज द्वारा बनाया गया पुल आज भी श्रद्धालुओं के आवागमन में उपयोगी है और प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु इसके माध्यम से मंदिर पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि ओम पुल के ऊपर से श्रद्धालुओं का आवागमन होने से धार्मिक भावनाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। पुल के निर्माण में मंदिर के सामने कंक्रीट का ढांचा खड़ा होने से धाम की प्राकृतिक और धार्मिक सुंदरता प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण की वर्तमान स्थिति भविष्य में मंदिर के अस्तित्व और स्वरूप के लिए भी चिंता का विषय बन सकती है। पहाड़ से आने-जाने वाले श्रद्धालु और पर्यटक पहले दूर से कैंची धाम मंदिर की सुंदरता देख पाते थे, लेकिन पुल बनने के बाद मंदिर का बड़ा हिस्सा ढक गया है। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माणाधीन पुल पर बना ओम का स्वरूप देखने में उल्टा प्रतीत हो रहा है और पुल की ऊंचाई मंदिर से भी अधिक है। होटल एसोसिएशन अध्यक्ष भुवन तिवारी ने सरकार और निर्माण विभाग से पुल के निर्माण की समीक्षा कर आवश्यक बदलाव करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कैंची धाम में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए व्यवस्थाएं जरूरी हैं, लेकिन इसके नाम पर मंदिर की सुंदरता और धार्मिक स्वरूप से समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कैंची धाम की भीड़ को संभालने में स्थानीय लोग और पुलिस अपनी भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था और व्यवस्था को स्वयं महाराज की कृपा संभाल रही है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page