रामगाड़ पुल क्षतिग्रस्त, 20 जुलाई तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक

ख़बर शेयर करें

रामगढ़ पुल क्षतिग्रस्त, 20 जुलाई तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक
भवाली/नैनीताल। राष्ट्रीय राजमार्ग-87 (नया एनएच-109) पर स्थित रामगढ़ पुल के क्षतिग्रस्त होने के चलते प्रशासन ने 20 जुलाई 2026 तक भारी एवं मालवाहक वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह निर्णय पुल की सुरक्षा और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई को हुई भारी बारिश के कारण रामगढ़ पुल के बाएं एबटमेंट की डाउनस्ट्रीम विंग वॉल लगभग 12 मीटर तक क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके चलते पुल की उपयोगी चौड़ाई घटकर करीब 3.50 मीटर रह गई है। अधिकारियों के अनुसार, भारी वाहनों की आवाजाही से पुल और एप्रोच मार्ग को और अधिक नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसलिए मरम्मत कार्य पूरा होने तक भारी एवं मालवाहक वाहनों के लिए पुल बंद रहेगा।
यह रहेगा डायवर्जन प्लान
अल्मोड़ा से हल्द्वानी जाने वाले भारी एवं मालवाहक वाहन क्वारब–नथुवाखान–रामगढ़–भवाली मार्ग से जाएंगे।
रानीखेत से हल्द्वानी जाने वाले वाहन खैरना–क्वारब–नथुवाखान–रामगढ़–भवाली मार्ग का उपयोग करेंगे।
हल्द्वानी से अल्मोड़ा जाने वाले भारी वाहन खुटानी मार्ग से, जबकि अन्य वाहन भवाली–रामगढ़–नथुवाखान–क्वारब मार्ग से संचालित होंगे।
हल्द्वानी से रानीखेत जाने वाले भारी वाहन भवाली–रामगढ़–नथुवाखान–क्वारब–खैरना मार्ग से गुजरेंगे।
नैनीताल और ज्योलीकोट से अल्मोड़ा एवं रानीखेत जाने वाले सभी भारी एवं मालवाहक वाहन भवाली–रामगढ़–नथुवाखान–क्वारब मार्ग से संचालित किए जाएंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस, तेल, सेना के वाहन, यात्री वाहन तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
यातायात पुलिस नैनीताल ने सभी वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन योजना का पालन करें तथा पुलिस के यातायात संबंधी निर्देशों का सहयोग करते हुए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page