पंचायत चुनावों की दिशा में अहम कदम उठाते हुए पंचायतीराज विभाग ने त्रिस्तरीय पंचायतों की पुनर्गठन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। हरिद्वार को छोड़कर शेष जनपदों में ग्राम पंचायतों का पुनर्गठन नौ सितंबर जबकि क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत का पुनर्गठन 25 सितंबर तक पूरा हो जाएगा।
प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायतों का कार्यकाल इसी साल अंत तक समाप्त हो रहा है। हर बार नए चुनाव से पहले सरकार पंचायतों का पुनर्गठन करती है। इसी क्रम में सचिव पंचायतीराज चंद्रेश कुमार ने बुधवार को हरिद्वार को छोड़कर सभी जिलाधिकारियों को पुनर्गठन कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के अनुसार पंचायतों का पुनर्गठन 2011 की जनगणना के आधार पर किया जाएगा, इसमें पहाड़ में एक पंचायत के लिए सामान्य तौर पर न्यूनतम 500 और अधिकतम दो हजार की आबादी को मानक बनाया जाएगा, वहीं मैदान में न्यूनतम एक हजार और अधिकतम दस हजार की आबादी को मानक बनाया जाएगा।
परिसीमन का प्रकाशन 13 अगस्त तक होगा
ग्राम पंचायत की पुनर्गठन प्रक्रिया 29 जुलाई से प्रारंभ होगी, इसके बाद 13 अगस्त तक पंचायतों परिसीमन का प्रारंभिक प्रकाशन कर दिया जाएगा, जबकि 17 अगस्त तक दावे – आपत्तियों का निस्तारण कर नौ सितंबर तक अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा। इसी तरह क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायतों की परिसीमन की प्रक्रिया 13 सितंबर से प्रारंभ होगी, इसके बाद 18 सिंतबर को प्रारंभिक प्रकाशन के बाद 25 सितंबर तक अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



