भवाली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार के स्थानांतरण को लेकर नगरवासियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने तबादले पर सवाल उठाते हुए इसे तत्काल निरस्त करने की मांग की है। नगर पालिकाध्यक्ष पंकज आर्या ने कहा कि डॉ. रमेश कुमार का स्थानांतरण ट्रांसफर एक्ट की भावना के अनुरूप नहीं किया गया है। उनका कहना है कि स्थानांतरण आदेश में एक्ट की संबंधित धारा का भी उल्लेख नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि डॉ. रमेश कुमार को क्षयरोग आश्रम सेनेटोरियम में तैनाती के निर्देश दिए गए हैं, जबकि टीवी सेनेटोरियम में चेस्ट विशेषज्ञ चिकित्सक की आवश्यकता होती है। ऐसे में अन्य चिकित्सक वहां मरीजों का उपचार किस प्रकार करेंगे, यह भी विचारणीय है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में पहले से ही डॉक्टरों की भारी कमी है और नए चिकित्सक यहां आने को तैयार नहीं होते। ऐसे में जो चिकित्सक लंबे समय से बेहतर सेवाएं दे रहे हैं, उनका स्थानांतरण स्थानीय जनता के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि डॉ. रमेश कुमार के नेतृत्व में भवाली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही थीं। पंकज आर्या ने बताया कि इससे पहले भी सीएचसी से महिला चिकित्सक और बाल रोग विशेषज्ञ का स्थानांतरण किया जा चुका है। अब चिकित्सा प्रभारी को भी हटाए जाने से स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। उन्होंने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से डॉ. रमेश कुमार का स्थानांतरण तत्काल निरस्त करने की मांग करते हुए कहा कि इससे भवाली नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलती रहेंगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

