- कैंची धाम के विकास और यातायात व्यवस्था का मुद्दा भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने उठाया
भवाली। हल्द्वानी में शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वागत के दौरान कैंची धाम प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष धीरज तिवारी ने अपने अनूठे अंदाज से सबका ध्यान आकर्षित किया। अध्यक्ष धीरज तिवारी व महामंत्री पवन भट्ट के नेतृत्व में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बाबा नीब करौरी महाराज की दिव्य प्रतिमा भेंट कर उनका स्वागत किया। बाबा की दिव्य प्रतिमा मंच पर पहुंचते ही माहौल भक्तिमय हो उठा। बाबा नीब करौरी महाराज के जयकारों से पूरा मंच गूंज उठा। इस दौरान बाबा के प्रति श्रद्धा और आस्था का विशेष नजारा देखने को मिला। प्रतिमा भेंट करने का यह पल कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र बना रहा।
वहीं, व्यापार मंडल अध्यक्ष धीरज तिवारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से कैंची धाम क्षेत्र के विकास कार्यों और यातायात व्यवस्था को लेकर भी वार्ता की। उन्होंने क्षेत्र में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही के मद्देनजर बेहतर यातायात प्रबंधन और विकास कार्यों की आवश्यकता पर ध्यान आकर्षित किया।
धीरज तिवारी ने बाबा नीब करौरी महाराज की प्रतिमा भेंट कर जहां आध्यात्मिक आस्था का संदेश दिया, वहीं कैंची धाम क्षेत्र की समस्याओं और विकास के मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर स्थानीय व्यापारियों एवं क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं को भी सामने रखा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



