विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज: नैनीताल को मिलीं 1000 कंट्रोल यूनिट और 700 वीवीपैट

ख़बर शेयर करें

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज: नैनीताल को मिलीं 1000 कंट्रोल यूनिट और 700 वीवीपैट
हल्द्वानी। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद नैनीताल को 1000 कंट्रोल यूनिट (सीयू) और 700 वीवीपैट (वीवीपैट) इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें प्राप्त हुई हैं। सभी मशीनों को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए हल्द्वानी स्थित ईवीएम वेयरहाउस में सुरक्षित रख दिया गया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड तथा जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में बिहार के पश्चिमी चंपारण जनपद से नैनीताल के लिए इन ईवीएम मशीनों का आवंटन किया गया है।
उन्होंने बताया कि मशीनों को जीपीएस युक्त वाहनों के माध्यम से ट्रैकिंग सिस्टम के साथ निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए नैनीताल लाया गया। जनपद पहुंचने पर सभी मशीनों का इलेक्ट्रॉनिक डाटाबेस में पंजीकरण किया गया।
इसके बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सभी कंट्रोल यूनिट एवं वीवीपैट मशीनों को हल्द्वानी स्थित ईवीएम वेयरहाउस में सुरक्षित रखा गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार मशीनों की स्कैनिंग और सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
प्रशासन के अनुसार ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। वेयरहाउस की चाबियां कोषागार में उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार के माध्यम से सुरक्षित रखी गई हैं। पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराई गई।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page