पुलिस ने दो चोरी की वारदातों का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद

ख़बर शेयर करें

पुलिस ने दो चोरी की वारदातों का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद
हल्द्वानी। हल्द्वानी पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लाखों रुपये का चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है। मामले के सफल अनावरण पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम को 1,500 रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई को बेड़ापोखरा, देवलचौड़ निवासी हेमंत सिंह ने घर का ताला तोड़कर लैपटॉप, 42 इंच की एलईडी टीवी, मोबाइल फोन, सीलिंग फैन, मंदिर की पीली धातु की मूर्तियां, झूले, तांबे के धार्मिक पात्र और अन्य सामान चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी दिन सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. खड़क सिंह दलाल ने अस्पताल परिसर से स्प्लिट एसी के आउटडोर कॉपर पाइप चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों मामलों का खुलासा कर लिया।
पुलिस ने आरोपी रितिक बिष्ट उर्फ गोलू (25) निवासी धारानौला, अल्मोड़ा तथा ऋषभ अग्रवाल (30) निवासी फूलबट्टा, ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 42 इंच एलईडी टीवी, डेल लैपटॉप, सोनी एंड्रॉयड मोबाइल, मंदिर की चार पीली धातु की मूर्तियां, दो झूले, तांबे का धार्मिक पात्र, हैवेल्स सीलिंग फैन तथा बेस अस्पताल से चोरी किए गए एसी के कॉपर पाइप बरामद किए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रितिक बिष्ट के खिलाफ पहले से चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस सफलता पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए उनके उत्साहवर्धन के लिए 1,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page