दो मेडिकल स्टोरों पर पुलिस की छापेमारी, 3,207 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद
कृष्णा मेडिकल स्टोर से 2,944 और राधिका मेडिकल स्टोर से 263 टैबलेट मिलीं, एक मेडिकल स्टोर सील, लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई
ऊधमसिंहनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड’ अभियान को सफल बनाने के लिए कुमाऊँ पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में 30 अक्टूबर की देर शाम रेंज एसओटीएफ कुमाऊँ, थाना आईटीआई पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने खड़गपुर देवीपुरा क्षेत्र के दो मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी कर कुल 3,207 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद कीं।
संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कृष्णा मेडिकल स्टोर की जांच की। यहां से संचालक रोहित कुमार के कब्जे से 2,344 ट्रामाडोल और 600 अल्प्राजोलम की प्रतिबंधित टैबलेट बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना आईटीआई में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया गया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है।
वहीं, संयुक्त टीम ने राधिका मेडिकल स्टोर की भी जांच की। मेडिकल स्टोर संचालक घनश्याम सिंह के यहां से 124 ट्रामाडोल और 139 अल्प्राजोलम की प्रतिबंधित टैबलेट बरामद हुईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की, जबकि तहसीलदार द्वारा मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया।
3,207 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद
संयुक्त कार्रवाई में दोनों मेडिकल स्टोरों से कुल 2,468 ट्रामाडोल और 739 अल्प्राजोलम की टैबलेट बरामद हुईं। इस प्रकार कुल 3,207 प्रतिबंधित टैबलेट पुलिस और संबंधित विभागों की टीम ने कब्जे में लीं।
संयुक्त टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई में प्रभारी एसओटीएफ कुमाऊँ परिक्षेत्र मय टीम, उपनिरीक्षक बसंत पंत, कांस्टेबल धर्मेन्द्र भारती (थाना आईटीआई) तथा औषधि निरीक्षक नीरज कुमार मय टीम शामिल रहे।
नशे के सौदागरों को नहीं बख्शा जाएगा : आईजी
पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती ने स्पष्ट संदेश दिया कि नशे के अवैध कारोबार और प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री में संलिप्त मेडिकल स्टोर संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों के संयुक्त अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
कुमाऊँ पुलिस का संकल्प – नशे के विरुद्ध प्रहार, युवाओं के भविष्य की सुरक्षा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



