चुनावी साल में जेसीबी को लेकर गरमाई भीमताल की सियासत, कैड़ा ने विरोधियों पर साधा निशाना
बोले- वन विभाग के काम में मेरा नाम घसीटने वालों की हो जांच, दोषी पाए जाने पर कार्रवाई के लिए तैयार
भीमताल। विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज कर दी। उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावी साल में कुछ लोग क्षेत्र में सक्रिय दिखाई देने लगे हैं, जबकि सत्ता में रहने के दौरान वे जनता के बीच नजर नहीं आते थे। उन्होंने कहा कि जब से वह विधायक बने हैं, लगातार क्षेत्र की जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुख और विकास कार्यों में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
कैड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा ने उन्हें सिखाया है कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। भगवान के बाद वह अपनी विधानसभा क्षेत्र की जनता को मानते हैं और जनता की सेवा करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में जनप्रतिनिधि रहे कुछ लोग सत्ता से बाहर होने के बाद ही क्षेत्र में दिखाई देने लगे हैं।
वन विभाग के काम में मेरा नाम घसीटना गलत
वन पंचायत और वन विभाग से जुड़े कार्यों में जेसीबी लगाने तथा पेड़ों के कटान को लेकर उठ रहे सवालों पर कैड़ा ने कहा कि इन मामलों में उनका नाम घसीटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कहीं चीड़ तो कहीं साल के पेड़ काटे जाने और सड़क निर्माण में बाधा आने के मामलों को भी राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। यदि वन विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी यह कहता है कि राम सिंह कैड़ा के माध्यम से किसी काम को रुकवाने का प्रयास किया गया है तो इसकी जांच कराई जाए। जांच में जो भी कार्रवाई तय होगी, वह उसके लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि यह चुनावी साल है और कुछ लोग क्षेत्र में जेसीबी मशीनें लगाकर अपनी सक्रियता दिखा रहे हैं। आचार संहिता लगने के बाद ये गतिविधियां बंद हो जाएंगी। उन्होंने अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को नसीहत देते हुए कहा कि तुच्छ राजनीति करने के बजाय जनता के विकास के मुद्दों पर बात करनी चाहिए।
विरोधियों को दिया 28 हजार वोटों से जीत का दावा
कैड़ा ने कहा कि उनके राजनीतिक विरोधी जितना कीचड़ उछालेंगे, उतना ही कमल का फूल खिलेगा। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की 70 में से 60 सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 और 2022 में वह कांग्रेस प्रत्याशी को हराकर विधायक बने हैं। पिछला चुनाव उन्होंने करीब साढ़े 11 हजार मतों से जीता था। पार्टी का प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व वर्ष 2027 के चुनाव में जिसे भी जिम्मेदारी देगा, सभी कार्यकर्ता उसके साथ काम करेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस बार भाजपा भीमताल विधानसभा सीट 28 हजार मतों के अंतर से जीतेगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



