भवाली। नगर पालिका परिषद भवाली की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत पात्र 31 लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए प्रमाण पत्र वितरित किए गए। गुरुवार को पालिकाध्यक्ष पंकज कुमार और अधिशासी अधिकारी सुधीर कुमार ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे। योजना के तहत लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए कुल 2 लाख 75 हजार रुपये की अनुदान राशि दी जाएगी। पालिकाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रथम किस्त के रूप में 20 हजार रुपये की धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इसके बाद निर्धारित मानकों और निर्माण कार्य की प्रगति के अनुसार शेष धनराशि किश्तों में उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का उद्देश्य शहरी गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। अधिशासी अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि योजना के तहत लाभार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुसार मकान का निर्माण कराना होगा। अनुदान की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहेगी। इस दौरान पालिका प्रशासन ने लाभार्थियों को योजना की प्रक्रिया और निर्माण संबंधी जरूरी जानकारी भी दी। इस दौरान सभासद विनोद तिवारी, संजय जोशी, मुकेश कुमार, इंदर कपिल, पंकज जोशी, गौरव नेगी, प्रियंका जोशी आदि रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



