करवा चौथ पर उजड़ा सुहाग, ट्रक ने बाइक सवार महिला को कुचला, मौके पर मौत
बीमार बहन को देखकर भाई के साथ लौट रही थी पूनम, हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम
कानपुर। करवा चौथ के पावन पर्व पर पति की लंबी उम्र और सलामती के लिए निर्जला व्रत रखने वाली पूनम की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। बीमार बहन को अस्पताल में देखने के बाद भाई के साथ बाइक से घर लौट रही पूनम की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को टक्कर मारने के बाद पूनम को कुचल दिया। हादसे में उनके भाई आशीष भी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पूनम अपने भाई आशीष के साथ अस्पताल में भर्ती बीमार बहन का हालचाल लेने गई थीं। वहां से लौटते समय रास्ते में एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से आशीष सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए, जबकि पूनम उछलकर सड़क के बीचोंबीच जा गिरीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। हादसे में पूनम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पति गोविंद और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। करवा चौथ के दिन पूनम की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। जिस दिन पूनम अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रख रही थीं, उसी दिन उनकी असमय मौत से पूरे परिवार की खुशियां उजड़ गईं। घटना के बाद सरसौल क्षेत्र में शोक की लहर है।
सीसीटीवी से ट्रक की पहचान में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना पर महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद फरार हुए ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



