प्राधिकरण के कामकाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनता की शिकायत पर तय होगी जवाबदेही: भावना मेहरा

ख़बर शेयर करें


प्राधिकरण के कामकाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनता की शिकायत पर तय होगी जवाबदेही: भावना मेहरा
बैठक से नदारद अधिकारियों को फोन कर लगाई फटकार, विकास कार्यों में शिथिलता पर नोटिस जारी करने के निर्देश
नैनीताल। आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री भावना मेहरा ने शुक्रवार को नैनीताल स्थित जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्राधिकरण के कामकाज में लापरवाही और आम जनता की समस्याओं की अनदेखी पर कड़ी नाराजगी जताई। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को मौके से ही फोन कर फटकार लगाई और उनकी जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
राज्यमंत्री ने कहा कि विकास प्राधिकरण का उद्देश्य आम जनता को परेशान करना नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान करना और क्षेत्र में व्यवस्थित निर्माण को बढ़ावा देना है। अधिकारी और कर्मचारी जनता के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करें। किसी भी व्यक्ति को अपने काम के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को कार्यालयों तक सीमित रहने के बजाय मौके पर जाकर विकास कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
जिले में प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान शिथिलता मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए। साथ ही नगर निगम और नगर पालिका क्षेत्रों में आवंटित आवासों की जानकारी ली। जिला पंचायत एवं नगर पालिका क्षेत्रों में आवासीय भवनों के मानचित्र स्वीकृत करने के दौरान मार्गों की चौड़ाई से संबंधित नियमों में आवश्यक शिथिलीकरण करने के निर्देश भी दिए, ताकि नियमानुसार आम जनता को राहत मिल सके।
भावना मेहरा ने स्पष्ट कहा कि कार्यप्रणाली में लापरवाही, अनावश्यक देरी और जनसमस्याओं की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता को राहत देना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व कार्यालय पहुंचने पर अधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राज्यमंत्री का स्वागत किया। बैठक में मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, दया किशन पोखरिया, मनोज भट्ट, हरीश राणा, प्रदीप बिष्ट, डीएसए महासचिव मनोज जोशी, पूर्व पालिकाध्यक्ष संजय वर्मा, सभासद लता दफौटी, गजाला कमाल, संतोष साह, शिवांशु जोशी, अखिलेश सेमवाल, मोहित लाल साह, आशुतोष चंदोला, अर्पण जैन, शुभम कुमार, पूरन चंद्र जोशी, कमलेश रावत, उज्ज्वल चंद्रा, नीतू जोशी, रचना मेहरा और मीनाक्षी आर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इनमें सहायक अभियंता अभिषेक कुमार, शिवम धीमान, अधिशासी अभियंता एसके सहगल, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य और प्रोजेक्ट ऑफिसर चांदनी बंसल सहित नगर निगम, जिला पंचायत, नगरपालिका, पर्यटन, विद्युत, उरेडा और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी शामिल रहे।

Join WhatsApp Group
यह भी पढ़ें 👉  कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अघरिया गांव पहुंचकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
Ad

You cannot copy content of this page