भवाली। कैंची धाम स्थापना दिवस मेले की ड्यूटी में आए दो पुलिस कर्मियों पर एक युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगने के बाद शनिवार रात 1 बजे कैंची क्षेत्र में हंगामा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और युवती के परिजन कैंची चौकी पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार, मेले की ड्यूटी में आए दो पुलिसकर्मी कैंची क्षेत्र के एक होम स्टे में ठहरे हुए थे। आरोप है कि इस दौरान एक युवती के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। युवती की ओर से मामले की शिकायत कैंची पुलिस चौकी में दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर करीब 50 से 60 लोग कैंची चौकी पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पुलिस कर्मियों की एल्कोहल जांच कराई। जांच में दो पुलिस कर्मियों के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद दोनों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा गया। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया। पुलिस ने मामले में प्राप्त शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

