नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को मुखानी पुलिस ने किया गिरफ्तार
हल्द्वानी। नाबालिग बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर नैनीताल पुलिस ने जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई करते हुए 13 वर्षीय बच्चे से दुष्कर्म के आरोपी को घटना के कुछ ही समय बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 13 अगस्त को वादिनी ने कोतवाली मुखानी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि मोहम्मद आजम ने अब्दुल्ला पेट्रोल पंप के पास ईंटों के चट्टे के पीछे उसके 13 वर्षीय पुत्र के साथ दुष्कर्म किया और मारपीट की।
तहरीर के आधार पर कोतवाली मुखानी में एफआईआर संख्या 126/2026 दर्ज करते हुए धारा 115(2), 137(2) बीएनएस तथा 3/4 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उप निरीक्षक दीपा जोशी को सौंपी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में टीम ने आरोपी मोहम्मद आजम उर्फ अफजल (40) को 13 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी मूल रूप से ग्राम कायमगंज, तहसील बिलासपुर, जनपद उत्तर प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में भूरा मुल्ला, अब्दुल्ला पेट्रोल पंप के पास, थाना मुखानी क्षेत्र में रह रहा था।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि नाबालिग बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को नैनीताल पुलिस गंभीरता से लेती है। ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

