सैनिटोरियम में महिलाओं ने रोपे विभिन्न प्रजातियों के पौधे
भवाली। हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से ऑल इंडिया वूमेन कॉन्फ्रेंस की ओर से बुधवार को भवाली सैनिटोरियम क्षेत्र में वृहद पौंधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान में सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे।
सामाजिक कार्यकर्ता एवं लेक सिटी वेलफेयर क्लब के अध्यक्ष खष्टी बिष्ट के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में उत्तीस, पांगर, अमरूद, चीड़, देवदार और तेजपात समेत कई प्रजातियों के पौधे लगाए गए। खष्टी बिष्ट ने कहा कि सावन माह में हर वर्ष पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान चलाया जाता है। यह अभियान लगातार कई वर्षों से जारी है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ ही जल संरक्षण, स्वच्छ वायु और जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की।
आयोजकों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख करने तथा अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने की सामूहिक शपथ ली।
इस दौरान माया पंत, सुमन आर्य, ज्योति साह, ऋतु कुमारी, नीमा पंत, गीता बिष्ट, जानकी आर्या, धनी दुमका, आसमा परवीन, सुजान रजवार, एसएस बिष्ट और पंकज कुमार मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

