नैनीताल सीट में उगेंगी प्रकाश की किरणें, भाजपा से टिकट की दावेदारी
- 35 साल के राजनीतिक अनुभव और संगठन में लंबे सफर को बनाया आधार, अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रकाश चंद्र आर्य ने पेश की दावेदारी
भवाली। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नैनीताल सुरक्षित विधानसभा सीट पर भाजपा के भीतर दावेदारों की सक्रियता बढ़ने लगी है। इसी क्रम में भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रकाश चंद्र आर्य ने विधायक पद के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपना विस्तृत बायोडाटा और राजनीतिक सफर का विवरण रखते हुए नैनीताल विधानसभा से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
प्रकाश चंद्र आर्य ने अपनी दावेदारी के पक्ष में करीब 35 वर्षों के राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव को प्रमुख आधार बनाया है। उनके अनुसार, वर्ष 1991 से वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा की विचारधारा से जुड़कर संगठन के लिए कार्य कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने बूथ स्तर से लेकर मंडल और जिला स्तर तक विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई हैं।
उनके राजनीतिक सफर में बूथ अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, मंडल अध्यक्ष, जिला मंत्री, जिला अध्यक्ष तीन बार अनुसूचित मोर्चा, प्रांतीय परिषद के सदस्य, विधानसभा चुनाव मीडिया प्रभारी और विभिन्न पदों पर रहे। नगर पालिका परिषद भवाली में सभासद जैसे दायित्व शामिल रहे हैं। वर्ष 2017 में उन्होंने विधानसभा चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभाई। इसके अलावा वर्ष 2022 से 2025 तक जिला मंत्री एवं जिला सदस्यता प्रमुख के रूप में संगठनात्मक कार्य किए। वर्तमान में वह भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हैं।
प्रकाश चंद्र आर्य ने अपने आवेदन में संगठन के प्रति समर्पण, क्षेत्रीय जनता से जुड़ाव और लंबे राजनीतिक अनुभव को अपनी ताकत बताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन किया है। अब वह नैनीताल विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को और मजबूत करने के साथ जनता की सेवा के लिए विधायक पद की जिम्मेदारी निभाना चाहते हैं।
उनकी दावेदारी से नैनीताल विधानसभा सीट पर भाजपा के टिकट को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज होने के आसार हैं। अब देखना होगा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व आगामी चुनाव में किस दावेदार पर भरोसा जताता है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



