भांजी की शादी के कार्ड बांटने निकले मामा की सड़क हादसे में मौत, परिवार में पसरा मातम
15 नवंबर को होनी थी शादी, हादसे में जीजा भी गंभीर रूप से घायल
हल्द्वानी। भांजी की शादी की खुशियों के बीच हुए सड़क हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। शादी के निमंत्रण पत्र बांटने हल्द्वानी आए मामा की टांडा जंगल में बाइकों की भिड़ंत में मौत हो गई, जबकि उनके जीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, रम्पुरा निवासी राजू गुप्ता अपनी भांजी भावना की शादी के कार्ड बांटने के लिए जीजा प्रेमशंकर के साथ हल्द्वानी आए थे। दोनों यहां भावना की फुफेरी बहन के घर गए थे। वहां से वापस लौटते समय टांडा जंगल में उनकी बाइक की दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में राजू की मौत हो गई, जबकि प्रेमशंकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिवार में 15 नवंबर को भावना की शादी होनी है। अमरिया से बारात आनी तय है। घर में मेहंदी, बारात के स्वागत और अन्य रस्मों की तैयारियां चल रही थीं। रिश्तेदारों को शादी के कार्ड बांटे जा रहे थे। राजू भी भांजी की शादी को लेकर काफी उत्साहित थे और इसी सिलसिले में कार्ड बांटने निकले थे। किसी ने सोचा भी नहीं था कि शादी की तैयारियों के बीच ऐसा हादसा हो जाएगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



