मकान की रंजिश में भतीजे ने चाचा-चाची की लोहे की रॉड से पीटकर की हत्या
नौ साल पुराने विवाद ने लिया खूनी रूप, बीच-बचाव करने आई बहू भी घायल
10 घंटे बाद कौसानी के पास से आरोपी गिरफ्तार, वर्ष 2017 में भी चाची पर कुल्हाड़ी से किया था हमला
गरुड़ (बागेश्वर)। मकान को लेकर नौ साल से चली आ रही रंजिश ने रविवार देर रात खूनी रूप ले लिया। बैजनाथ थाना क्षेत्र के नरग्वाड़ी गांव में एक भतीजे ने अपने 70 वर्षीय चाचा और 62 वर्षीय चाची की लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची परिवार की बहू को भी आरोपी ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के करीब 10 घंटे बाद पुलिस ने आरोपी को कौसानी के पास से गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार पूरन चंद्र खोलिया और मथुरा दत्त सगे भाई थे। करीब नौ साल पहले दोनों ने मिलकर एक मकान बनाया था। शुरुआत में दोनों परिवारों के बीच सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में मकान को लेकर विवाद बढ़ने लगा और दोनों परिवारों के बीच रंजिश पैदा हो गई। मथुरा दत्त के 58 वर्षीय बेटे गोविंद बल्लभ खोलिया की अपने चाचा पूरन चंद्र और चाची भगवती देवी से अनबन चल रही थी।
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात इसी रंजिश के चलते गोविंद ने चाचा पूरन चंद्र और चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोपी ने करीब आधे घंटे के भीतर दोनों पर लगभग 10 ताबड़तोड़ वार किए। हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर परिवार की बहू दया खोलिया और आरोपी की पत्नी नवीन खोलिया बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि गोविंद ने उन पर भी हमला कर दिया, जिसमें दया गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना पर ग्रामीणों की मदद से पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने पूरन चंद्र और भगवती देवी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दया का उपचार जारी है।
2017 में भी चाची पर किया था हमला
ग्रामीणों के अनुसार आरोपी गोविंद ने वर्ष 2017 में भी अपनी चाची भगवती देवी पर कुल्हाड़ी से हमला किया था। उस दौरान भगवती देवी किसी तरह बच गई थीं। मामला पुलिस तक भी पहुंचा था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने की बात सामने आई थी। इसके बावजूद पुरानी रंजिश खत्म नहीं हुई और रविवार देर रात दोहरी हत्या की वारदात हो गई।
कोतवाल कैलाश नेगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा सामने आया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



