किलोर गांव और रामगढ़ क्षेत्र का बढ़ाया मान
भवाली। ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में एक नवंबर 2026 को आयोजित राज्य स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता में रामगढ़ ब्लॉक के किलोर गांव की होनहार एथलीट आरुषि नेगी ने अपनी प्रतिभा और तेज रफ्तार का शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अंडर-17 बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में आरुषि ने बेहतरीन प्रदर्शन कर प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया।
राज्य स्तर की इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर आरुषि ने न केवल अपनी मेहनत और खेल प्रतिभा का परिचय दिया, बल्कि किलोर गांव सहित पूरे रामगढ़ क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। आरुषि की सफलता को उनकी निरंतर मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है।
ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करना अन्य उभरते खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक है। आरुषि की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



