नैनीताल पुलिस के नाम बड़ी उपलब्धि, डॉ. जगदीश चन्द्र को मिला IPS कैडर

ख़बर शेयर करें

नैनीताल पुलिस के नाम बड़ी उपलब्धि, डॉ. जगदीश चन्द्र को मिला IPS कैडरWriting
वैज्ञानिक से IPS अधिकारी बने डॉ. जगदीश चन्द्र, मुख्यमंत्री ने बैच लगाकर किया सम्मानित
राष्ट्रीय एकता दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और डीजीपी दीपम सेठ ने दी बधाई, नैनीताल पुलिस में खुशी की लहर
भवाली/नैनीताल। नैनीताल पुलिस में पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात के पद पर तैनात डॉ. जगदीश चन्द्र को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नति मिलने पर नैनीताल पुलिस परिवार में खुशी की लहर है। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने उन्हें IPS बैच अलंकृत कर सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं। वहीं, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने भी उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डॉ. जगदीश चन्द्र का सफर शैक्षणिक उपलब्धियों और समर्पित सेवाओं से भरा रहा है। उन्होंने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर से पर्यावरण विज्ञान में एमएससी तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय दिल्ली से एमफिल और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। वर्ष 2025 में उन्होंने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय से मनोविज्ञान विषय में स्नातकोत्तर की डिग्री भी हासिल की।
पुलिस सेवा में आने से पहले उन्होंने वर्ष 2002 से 2005 तक देहरादून स्थित भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद में वैज्ञानिक के रूप में सेवाएं दीं। वर्ष 2005 में राज्य पुलिस सेवा में शामिल होने के बाद देहरादून, चमोली और ऊधमसिंह नगर में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर जिम्मेदारी निभाई। वर्ष 2013 में अपर पुलिस अधीक्षक पद पर पदोन्नत हुए। इसके बाद देहरादून, काशीपुर और हल्द्वानी में नगर पुलिस अधीक्षक सहित 31वीं वाहिनी और आईआरबी-1 में उप सेनानायक के पद पर सेवाएं दीं।
अपने सेवाकाल में उन्होंने कुंभ मेला, नंदा राजजात यात्रा, पुलिस बैंड की स्थापना और कोविड महामारी के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2016 और 2020 में सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न से सम्मानित किया गया। वहीं, वर्ष 2025 में गृह मंत्रालय भारत सरकार की ओर से पुलिस पदक (मेधावी सेवा) प्रदान किया गया।
वर्ष 2026 में भारतीय पुलिस सेवा में पदोन्नति को उनकी वर्षों की मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं का परिणाम माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि पर नैनीताल पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हर्ष व्यक्त किया है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page