रोडवेज कर्मचारियों को तीन दिन में मिलेगा वेतन, मानदेय में भी बढ़ोतरी

ख़बर शेयर करें


रोडवेज कर्मचारियों को तीन दिन में मिलेगा वेतन, मानदेय में भी बढ़ोतरी
चालक-परिचालकों की प्रति किलोमीटर दर बढ़ी, हर माह सात तारीख से पहले वेतन देने का निर्णय
भवाली/हल्द्वानी। रोडवेज कर्मचारियों के वेतन और मानदेय को लेकर परिवहन मंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में कई अहम फैसले लिए गए हैं। बैठक में कर्मचारियों को तीन दिन के भीतर वेतन उपलब्ध कराने, संविदा और विशेष श्रेणी के चालक-परिचालकों की प्रति किलोमीटर दर बढ़ाने तथा नियमित कर्मचारियों को महंगाई भत्ता देने सहित कई प्रस्तावों पर सहमति बनी है। अधिकारियों को अगस्त का वेतन चार नवंबर से पहले और सितंबर का वेतन इसी माह उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में तय किया गया कि भविष्य में कर्मचारियों को हर माह की सात तारीख से पहले वेतन दिया जाएगा। इसके साथ ही मैदानी मार्गों पर संविदा और विशेष श्रेणी के चालकों की प्रति किलोमीटर दर 3.30 रुपये से बढ़ाकर 3.47 रुपये और परिचालकों की दर 2.79 रुपये से बढ़ाकर 2.88 रुपये कर दी गई है। वहीं पर्वतीय मार्गों पर चालकों की दर 3.85 रुपये से बढ़ाकर 3.98 रुपये और परिचालकों की दर 3.27 रुपये से बढ़ाकर 3.38 रुपये प्रति किलोमीटर निर्धारित की गई है।
मानदेय में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को आगामी बोर्ड बैठक में निदेशक मंडल के अनुमोदन के लिए रखा जाएगा। इसके अलावा नियमित कर्मचारियों को राज्य कर्मचारियों की तर्ज पर महंगाई भत्ता और अन्य लाभ देने का प्रस्ताव भी बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। कर्मचारियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया तेज करने और निगम के बेड़े में नई बसें शामिल करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में रोडवेज बस स्टेशनों के आसपास ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट की आड़ में स्टेज कैरिज के रूप में संचालित हो रही निजी बसों पर भी सख्ती करने के निर्देश दिए गए। परिवहन आयुक्त और अपर परिवहन आयुक्त को अवैध संचालन के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई करने और इसकी नियमित रिपोर्ट परिवहन मंत्री को सौंपने को कहा गया है।
उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने बताया कि बैठक में वेतन सहित कर्मचारियों से जुड़े तमाम बिंदुओं पर चर्चा हुई है। चालक-परिचालकों की प्रति किलोमीटर दर में बढ़ोतरी की गई है और अब हर माह सात तारीख से पहले वेतन देने की व्यवस्था की जाएगी।

Join WhatsApp Group
यह भी पढ़ें 👉  राज्य स्तरीय खेलों में आरुषि नेगी ने जीता स्वर्ण पदकअंडर-17 बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में हासिल किया पहला स्थान
Ad

You cannot copy content of this page