भीमताल एचजीएस में धूमधाम से मनाया वार्षिकोत्सव, विद्यार्थियों ने बिखेरे सांस्कृतिक रंग

ख़बर शेयर करें


एचजीएस भीमताल में धूमधाम से मनाया वार्षिकोत्सव, विद्यार्थियों ने बिखेरे सांस्कृतिक रंग
सम्राट अशोक के जीवन चरित्र का मंचन कर दिया महानता का संदेश, छोलिया नृत्य ने मोहा मन
भीमताल। एचजीएस भीमताल में मंगलवार को वार्षिकोत्सव प्रस्तुति-2026 धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक, रंगारंग और देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के कुलपति डॉ. सतपाल सिंह बिष्ट, विशिष्ट अतिथि एवं विद्यालय के पूर्व छात्र कर्नल डॉ. कमलेश बिष्ट तथा प्रधानाचार्या महिमा भट्ट ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अतिथियों का स्वागत विद्यार्थियों ने पारंपरिक कुमाऊंनी छोलिया नृत्य और तिलक लगाकर किया। वहीं एनसीसी के विद्यार्थियों ने अतिथियों को सलामी दी। कार्यक्रम की शुरुआत शिव स्तुति से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने सम्राट अशोक के जीवन चरित्र पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी। मंचन के माध्यम से संदेश दिया गया कि सच्ची महानता युद्ध जीतने में नहीं, बल्कि लोगों का दिल जीतने में है। इसके साथ ही वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए देशभक्ति गीत भी प्रस्तुत किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. सतपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि एचजीएस भीमताल लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहा है। विद्यालय का स्वर्णिम इतिहास रहा है और यह शिक्षा के साथ ही कुमाऊं की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य भी कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों के विषय चयन पर कहा कि अभिभावकों को बच्चों पर अपनी पसंद के विषय थोपने के बजाय उनकी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुसार निर्णय लेने की स्वतंत्रता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा के साथ खेलकूद, रंगमंच, नृत्य, संगीत, विज्ञान और कला के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यालय संस्कारवान एवं मूल्यपरक शिक्षा देकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
विशिष्ट अतिथि कर्नल डॉ. कमलेश बिष्ट ने कहा कि शिक्षा ही समृद्ध और प्रगतिशील समाज एवं राष्ट्र के निर्माण का आधार है। विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्होंने भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्या महिमा भट्ट ने विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने वर्षभर की शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान विद्यालय की ओर से अतिथियों को शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में एचजी डिग्री कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मुक्ता, नगर पालिका सभासद श्रुति जोशी, अभिभावक संघ अध्यक्ष प्रवीण पटवाल, रामपाल सिंह गगोला, सभासद आशीष सिंह, एसओएस बालग्राम भीमताल की एवीडी डॉ. श्वेता भोसले, माइंड पावर यूनिवर्सिटी भीमताल की प्रतिनिधि, पूर्व ब्लॉक प्रमुख आशा रानी सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अभिभावक, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। हेडमिस्ट्रेस अनुसूया साह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार जताया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page