भवाली। महर्षि विद्या मंदिर तिरछाखेत के नवनिर्मित भवन का मंगलवार को विधिवत पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच उद्घाटन किया गया। महर्षि आध्यात्मिक जन जागरण अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में सुंदरकांड पाठ का सामुहिक आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ प्रतिभाग कर सुख-समृद्धि और विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में पहुंचीं क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्या और दर्जाधारी भावना मेहरा का विद्यालय की प्रधानाचार्या साधना जोशी ने स्वागत किया। इसके बाद दोनों अतिथियों ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। उद्घाटन के बाद विद्यालय परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई और सुंदरकांड पाठ के माध्यम से भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लिया गया। धार्मिक अनुष्ठान के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस दौरान विधायक सरिता आर्या ने प्रधानाचार्या साधना जोशी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक परिश्रम और समर्पण से विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे प्रयास बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव रखते हैं। वहीं दर्जाधारी भावना मेहरा ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय की निरंतर उन्नति की उम्मीद जताई।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और अन्य अतिथियों ने भागीदारी की। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुशील कुमार, प्रगति जैन, राजेन्द्र बिष्ट, शिवांशु जोशी आदि रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



