30 सितंबर से पहले राशन उठा लें, नहीं तो अक्टूबर का राशन नहीं मिलेगा

ख़बर शेयर करें

30 सितंबर से पहले राशन उठा लें, नहीं तो अक्टूबर का राशन नहीं मिलेगा
सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में 134 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ, 18 राशन कार्डों में मौके पर ऑनलाइन संशोधन
भीमताल। सेवा संकल्प अभियान के तहत सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को भीमताल विकासखंड सभागार में बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पहुंचकर लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर समस्याओं का निस्तारण किया। शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 134 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि वर्तमान में अक्टूबर माह का राशन विभिन्न उचित दर विक्रेताओं की दुकानों से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के आधार पर वितरित किया जा रहा है। उन्होंने सभी राशन कार्ड धारकों से 30 सितंबर से पहले राशन का उठान करने की अपील की। उन्होंने बताया कि इसके बाद अक्टूबर माह का राशन दिया जाना संभव नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुसार ऐसे राशन कार्ड धारकों को भी चिन्हित किया जा रहा है, जिन्होंने पिछले छह माह से अपने राशन कार्ड पर राशन का उठान नहीं किया है। ऐसे राशन कार्डों को चिन्हित कर निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की जा रही है। उन्होंने राशन कार्ड धारकों से नियमित रूप से राशन उठाने की अपील की।
एआरओ बिष्ट ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि राशन कार्ड धारक घर बैठे भी अपने राशन कार्ड को ऑनलाइन कर सकते हैं। इसके लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई। उन्होंने बताया कि जिन राशन कार्ड धारकों के सदस्यों की ई-केवाईसी नहीं हुई है, वे अनिवार्य रूप से ई-केवाईसी करा लें। यह प्रक्रिया राशन की दुकान के अलावा घर बैठे ‘मेरा ई-केवाईसी’ एप के माध्यम से भी की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि राशन कार्ड में किसी भी प्रकार का संशोधन कराने के लिए विभागीय वेबसाइट के सिटीजन लॉगिन के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत प्राथमिक परिवार और अंत्योदय अन्न योजना के लाभार्थियों को वर्तमान में निशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
शिविर में खाद्य विभाग की ओर से 18 लाभार्थियों के राशन कार्ड में ऑनलाइन संशोधन कर उन्हें मौके पर लाभान्वित किया गया। वहीं समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, पशुपालन, उद्यान, कृषि, स्वास्थ्य, महिला कल्याण और बाल विकास समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने अपनी योजनाओं की जानकारी दी और लोगों की समस्याओं का निस्तारण किया।
इस दौरान दर्जा राज्यमंत्री भावना मेहरा, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, खंड विकास अधिकारी भीमताल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page