बाजार में भारी और यात्री वाहनों के प्रवेश पर रहेगी रोक, पालिका मैदान और रोडवेज पार्किंग में खड़े होंगे वाहन
भवाली। नगर में बुधवार, 21 अक्टूबर को श्रीराम बारात, विजय जुलूस, डोला और झांकी के आयोजन को देखते हुए पुलिस ने यातायात प्रबंधन योजना जारी की है। इसके तहत दोपहर 12 बजे से रात आठ बजे तक भवाली क्षेत्र में यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा के साथ ही वाहनों की आवाजाही सुचारू बनाए रखने के लिए अलग-अलग मार्गों से यातायात संचालित किया जाएगा।
कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि रामगढ़ और घोड़ाखाल की ओर से मैदानी क्षेत्रों या नैनीताल जाने वाले वाहन श्यामखेत, घोड़ाखाल तिराहा और नैनी बैंड प्रथम से होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। खैरना और कैंची धाम की ओर से आने वाले मैदानी क्षेत्रों और नैनीताल जाने वाले वाहनों को शिप्रा पुल से सैनेटोरियम बाईपास मार्ग पर भेजा जाएगा। वहीं, मुक्तेश्वर और भीमताल जाने वाले वाहनों के लिए नैनी बैंड द्वितीय से नैनी बैंड प्रथम मार्ग का उपयोग किया जाएगा।
ज्योलिकोट और नैनीताल से अल्मोड़ा व रानीखेत जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड द्वितीय से सैनेटोरियम बाईपास होते हुए शिप्रा पुल की ओर भेजा जाएगा। भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वाले वाहन नैनी बैंड प्रथम से सैनेटोरियम बाईपास होते हुए शिप्रा पुल पहुंचेंगे। यातायात के दबाव और भीड़ की स्थिति के अनुसार मार्गों में बदलाव भी किया जा सकता है।
बाजार में वाहनों की आवाजाही पर रहेगी नजर
आयोजन के दौरान भवाली बाजार में भारी और यात्री वाहनों का प्रवेश जरूरत के अनुसार पूरी तरह प्रतिबंधित किया जा सकता है। बाजार क्षेत्र में केवल स्थानीय और अधिकृत वाहनों को ही नियंत्रित प्रवेश मिलेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से बाजार में प्रवेश न करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
पालिका मैदान और रोडवेज पार्किंग में खड़े होंगे वाहन
पुलिस ने पार्किंग व्यवस्था भी निर्धारित की है। वाहन चालकों को अपने वाहन नगर पालिका मैदान भवाली या रोडवेज पार्किंग में ही खड़े करने होंगे। मुख्य बाजार और आयोजन स्थल के आसपास सड़क किनारे पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। श्रद्धालुओं और आमजन की आवाजाही के लिए जरूरत के अनुसार सुरक्षित पैदल मार्ग बनाए जाएंगे।
पुलिस के मुताबिक, आयोजन के दौरान अत्यधिक भीड़ होने पर यातायात को चरणबद्ध तरीके से रोका या डायवर्ट किया जाएगा। वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस व यातायात कर्मियों के निर्देशों का सहयोग करने की अपील की गई है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



