पीएसी जवान ने बिजली के पोल से गिरने के बाद तोड़ा दम

ख़बर शेयर करें

रुद्रपुर में पीएसी जवान की संदिग्ध मौत, बिजली के पोल से गिरने के बाद तोड़ा दम
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर के बगवाड़ा क्षेत्र में 31वीं वाहिनी पीएसी के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पीएसी वाहिनी में भी शोक की लहर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र सिंह रावत पुत्र लाल सिंह 31वीं वाहिनी पीएसी में तैनात थे और ग्रीन व्यू कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। बताया गया कि ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह घर पहुंचे थे। इसी दौरान घर की बिजली आपूर्ति में तकनीकी खराबी आ गई।
बताया जा रहा है कि बिजली की समस्या ठीक करने के प्रयास में वह बिजली के पोल पर चढ़ गए। इसी दौरान करंट लगने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।
परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बगवाड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिंगवाल ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
धर्मेंद्र सिंह रावत के निधन से उनके परिवार में शोक का माहौल है। वहीं 31वीं वाहिनी पीएसी के अधिकारियों एवं जवानों ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। साथी जवानों ने उन्हें मिलनसार, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ जवान बताया।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page