स्कूटी से शराब की तस्करी करते एक गिरफ्तार, 96 पव्वे बरामद
हीरानगर चौकी क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़ा आरोपी, स्कूटी भी जब्त
हल्द्वानी। नैनीताल जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस ने एक युवक को स्कूटी से अंग्रेजी शराब की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की अंग्रेजी शराब के 96 पव्वे बरामद किए हैं। शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में हीरानगर चौकी प्रभारी संजीत कुमार राठौड़ पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे।
इस दौरान 13 अक्टूबर को पंत कॉलोनी में आरा मशीन के सामने पुलिस ने एक स्कूटी सवार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी से अंग्रेजी शराब के 96 पव्वे बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी हरबंश कुमार पुत्र स्व. लक्ष्मी प्रसाद, निवासी गांधीनगर, वार्ड नंबर 27, बनभूलपुरा को गिरफ्तार कर लिया। शराब के परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी संख्या UK04AN9578 को भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में प्राथमिकी संख्या 348/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 में मुकदमा दर्ज किया है।
यह रही पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में हीरानगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संजीत कुमार राठौड़, कांस्टेबल ललित नाथ और कांस्टेबल अरविंद राणा शामिल रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



