बोलीं- अवसर मिला तो समस्याओं के समाधान और बेहतर भीमताल के लिए करूंगी काम
भवाली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री और लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहीं श्रीमती खष्टी बिष्ट ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर 57 भीमताल विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी है, उसे उन्होंने पूरी निष्ठा से निभाया है और यदि अवसर मिला तो भीमताल क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी ताकत से काम करेंगी। एक वार्ता में खष्टी बिष्ट ने कहा कि वह पिछले करीब 35 वर्षों से कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि नगर अध्यक्ष के रूप में राजनीतिक सफर शुरू करने के बाद उन्हें जिला अध्यक्ष समेत संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलीं, जिन्हें उन्होंने पूरी ईमानदारी से निभाया। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर वह लगातार संघर्ष करती रही हैं। महिलाओं के उत्पीड़न, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और सरकारी योजनाओं के सही क्रियान्वयन को उन्होंने प्रमुख समस्याएं बताया। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं के साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है।
भीमताल विधानसभा से दावेदारी को लेकर उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस की अनुशासित कार्यकर्ता हैं और पार्टी का निर्णय उनके लिए सर्वोपरि रहेगा। हालांकि उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से उन्होंने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के गांवों और कस्बों में जनसंपर्क व जागरूकता कार्यक्रम किए हैं, जिसमें क्षेत्र की कई समस्याएं सामने आई हैं। खष्टी बिष्ट ने कहा कि भीमताल क्षेत्र में जंगली जानवरों का आतंक, सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेती-बाजार और ग्रामीण रोजगार जैसी समस्याएं आज भी बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें मौका देती है तो उनका एजेंडा स्पष्ट रहेगा—क्षेत्र की समस्याओं का समाधान और जनता के हित में काम करना। उन्होंने कहा कि विधायक का धर्म जनता की समस्याओं को दूर करना है। मौका मिलने पर वह बेहतर और विकसित भीमताल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगी। उन्होंने अपनी दावेदारी को लेकर कहा कि वह पूरी तरह तैयार हैं और पार्टी के निर्णय का सम्मान करेंगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

