- मिट्टी के ढेर से घूमी कार, खाई में गिरने से बची पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा दांव पर
भवाली। सेनिटोरियम नैनीबैंड बाईपास पर निर्माण कार्य के नाम पर सड़क में मिट्टी के ढेर छोड़ना राहगीरों और पर्यटकों की जान पर भारी पड़ सकता है। सड़क पर बिखरी मिट्टी और जमा ढेरों के कारण दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। सेनिटोरियम से भीमताल की ओर जा रही एक कार मिट्टी के ढेर के कारण अनियंत्रित होकर घूम गई। गनीमत रही कि कार खाई की तरफ नहीं गई और बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद सड़क पर कार्य के दौरान बरती जा रही लापरवाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं। दरअसल इन दिनों सेनिटोरियम नैनीबैंड बाईपास की नाली में लाइन डालने का काम किया जा रहा है। आरोप है कि संबंधित ठेकेदार सड़क किनारे मिट्टी हटाने के बजाय उसके ढेर सड़क पर ही छोड़ रहा है। इससे सड़क पर आवाजाही करने वाले वाहनों के लिए खतरा पैदा हो गया है। खासकर पर्यटकों के वाहनों को इस मार्ग पर दुर्घटना का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाईपास पर पहले से ही वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क पर मिट्टी के ढेर छोड़ना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है। लोगों ने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य की निगरानी करने और सड़क पर जमा मिट्टी को तत्काल हटवाने की मांग की है। उनका कहना है कि किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को समय रहते सुरक्षा के इंतजाम करने चाहिए। अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार ने कहा कि ठेकेदार से जल्द ही सड़क पर जमा मिट्टी हटाने के लिए कहा जाएगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



