नैनीताल पुलिस ने लौटाई 256 लोगों के चेहरे की मुस्कान, 56 लाख से अधिक कीमत के मोबाइल बरामद

ख़बर शेयर करें

नैनीताल पुलिस ने लौटाई 256 लोगों के चेहरे की मुस्कान, 56 लाख से अधिक कीमत के मोबाइल बरामद
मोबाइल ऐप सेल की कार्रवाई, विभिन्न राज्यों से खोजकर स्वामियों को सौंपे गए गुम हुए फोन
नैनीताल। गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश में नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विभिन्न राज्यों से 256 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली स्वामियों को वापस सौंप दिए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 56 लाख 25 हजार रुपये से अधिक बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद स्तर पर गठित मोबाइल ऐप सेल को गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत अप्रैल 2026 से 24 जून 2026 तक नैनीताल पुलिस मोबाइल ऐप और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई की गई।
एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन/हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में मोबाइल ऐप सेल प्रभारी उपनिरीक्षक मीनू गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुम हुए मोबाइलों की आईएमईआई नंबर के आधार पर तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने कड़ी मेहनत के बाद उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से मोबाइल फोन बरामद किए।
बरामद मोबाइल में आईफोन, सैमसंग, ओप्पो, वन प्लस, रियलमी, वीवो, मोटो, इंफिनिक्स, रेडमी, पोको, लावा, आईक्यू, टेक्नो और आईटेल समेत विभिन्न कंपनियों के फोन शामिल हैं।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। लोगों ने नैनीताल पुलिस और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी का आभार जताया।
बरामदगी में शामिल पुलिस टीम
उपनिरीक्षक मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर और कांस्टेबल रामचंद्र प्रजापति शामिल रहे।
एसएसपी नैनीताल ने इस सराहनीय कार्य के लिए मोबाइल रिकवरी टीम को 2500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page