नैनीताल पुलिस का नशे और सट्टे पर शिकंजा, स्मैक तस्कर समेत तीन गिरफ्तार
बिंदुखत्ता में 9.12 ग्राम स्मैक, बनभूलपुरा में सट्टा और अवैध शराब बरामद
भवाली/नैनीताल। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, शराब बिक्री और सट्टे-जुए के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से स्मैक, एक से सट्टे की सामग्री और एक आरोपी से अवैध शराब बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं/हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
बिंदुखत्ता में स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में चौकी बिंदुखत्ता पुलिस ने चेकिंग के दौरान दयानंद आर्या उर्फ दयाल उर्फ दल्लू निवासी गांधीनगर द्वितीय, बिंदुखत्ता को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से मोटरसाइकिल में छिपाकर रखी गई 9.12 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्मैक को ऊधमसिंहनगर क्षेत्र से खरीदकर युवाओं को बेचने की बात स्वीकार की है। आरोपी के खिलाफ थाना लालकुआं में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
बनभूलपुरा में सट्टेबाज दबोचा
वहीं बनभूलपुरा पुलिस ने गौला बाईपास रोड से वसीम पुत्र अजीज मियां निवासी लाइन नंबर-17 बनभूलपुरा को सट्टे की खाई-बाड़ी करते हुए गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से सट्टा पर्ची, पेन, गत्ता और 2020 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
96 टेट्रा पैक शराब के साथ युवक गिरफ्तार
बनभूलपुरा पुलिस ने गश्त के दौरान गौला बाईपास रोड स्थित स्लॉटर हाउस के पास से विनोद सोलंकी पुत्र बालकराम निवासी जवाहर नगर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से 96 टेट्रा पैक माल्टा देसी मसालेदार शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने कहा कि अवैध नशे, शराब तस्करी और सट्टे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

