भवाली। राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक नाबार्ड नैनीताल की ओर से बुधवार को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर देवभूमि होमस्टे भवाली में बुनकरों और कारीगरों के लिए जागरूकता एवं संवाद कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें भीमताल विकासखंड के करीब 60 बुनकरों, कारीगरों और अन्य हितधारकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यशाला में कारीगरों को सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण, स्वरोजगार, बैंक ऋण और वित्तीय सहायता के साथ ही उत्पादों के विपणन की जानकारी दी गई। नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक मुकेश बेलवाल ने कहा कि उत्तराखंड की हथकरघा और हस्तशिल्प कला सांस्कृतिक विरासत के साथ ग्रामीण आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। प्रशिक्षण, बेहतर पैकेजिंग, उत्पाद विविधीकरण और बाजार से जोड़कर कारीगरों की आय बढ़ाई जा सकती है।
अग्रणी जिला प्रबंधक अमित बाजपेयी ने बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी देते हुए पात्र कारीगरों से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। कारीगरों ने कच्चे माल, प्रशिक्षण, वित्त और बाजार से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
इस अवसर पर स्थानीय कला और परंपरा के संरक्षण में योगदान देने वाले करीब दस बुनकरों एवं कारीगरों को नाबार्ड की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र, आरसेटी, जन शिक्षण संस्थान, विभिन्न बैंकों और गैर सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। :::
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

