नैनीताल के शैडो क्षेत्रों में 15 दिन में सुधरेगी मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था, सीडीओ ने दूरसंचार कंपनियों को दिए निर्देश

ख़बर शेयर करें

नैनीताल के शैडो क्षेत्रों में 15 दिन में सुधरेगी मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था, सीडीओ ने दूरसंचार कंपनियों को दिए निर्देश
भीमताल, 23 जुलाई। जनपद नैनीताल के शैडो क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने गुरुवार को मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बीएसएनएल, जियो, एयरटेल, इंडस टावर्स और वोडाफोन आइडिया के प्रतिनिधि शामिल हुए।
सीडीओ ने कहा कि नेटवर्क की कमी के कारण आम लोगों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को सरकारी कार्यों के निष्पादन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सभी कंपनियों को प्रभावित क्षेत्रों का संयुक्त सर्वेक्षण कर 15 दिनों के भीतर मोबाइल नेटवर्क व्यवस्था में प्रभावी सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि नेटवर्क उपलब्ध न होने से एमएमएस मैसेज मॉनिटरिंग सिस्टम सहित विभिन्न ऑनलाइन मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग प्रणालियां प्रभावित हो रही हैं। इसके अलावा दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM), ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (REAP), विकसित भारत बीजीआरएम (Viksit Bharat BGRM) समेत कई सरकारी पोर्टलों और मोबाइल एप पर कार्य करने में भी परेशानी आ रही है। मस्टर रोल की ऑनलाइन प्रविष्टि सहित अन्य विभागीय कार्य भी समय पर नहीं हो पा रहे हैं।
सीडीओ ने हल्द्वानी-भीमताल मार्ग तथा हल्द्वानी-भुजियाघाट-नैनीताल मार्ग के नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर आवश्यकतानुसार मोबाइल टावरों की क्षमता, फ्रीक्वेंसी और नेटवर्क कवरेज में तकनीकी सुधार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नैनीताल देश के प्रमुख पर्यटन जिलों में शामिल है। ऐसे में प्रमुख पर्यटन स्थलों और संपर्क मार्गों पर मोबाइल नेटवर्क की कमी से पर्यटकों को असुविधा होती है और जिले की पर्यटन छवि भी प्रभावित होती है। उन्होंने कोटाबाग, पंगोट, धारी, रामनगर के ढिकुली क्षेत्र तथा ओखलकांडा विकासखंड के नेटवर्क प्रभावित इलाकों में प्राथमिकता के आधार पर मोबाइल कनेक्टिविटी मजबूत करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी दूरसंचार कंपनियों से आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित 15 दिन की समयसीमा के भीतर जनपद के सभी शैडो क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क सेवाओं को सुचारु एवं प्रभावी बनाने की अपेक्षा जताई।

Join WhatsApp Group
Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page