मंत्री रेखा आर्या बोली आरोप निराधार, हर जांच के लिए तैयार, बच्चों की सुरक्षा के लिए उठाई आवाज

ख़बर शेयर करें

आर्या बोलीं- आरोप निराधार, हर जांच के लिए तैयार
कहा- लंबे समय से प्रताड़ना झेल रही थी, आत्मसम्मान और बच्चों की सुरक्षा के लिए उठाई आवाज
देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू की ओर से लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि वह हर चुनाव में अपनी संपत्ति का ब्योरा देती रही हैं और किसी भी जांच के लिए तैयार हैं। रेखा ने आरोप लगाया कि उनके पति पहले मुकदमा वापस लेने का निवेदन करते हैं और फिर आरोप लगाते हैं। उन्होंने इसे मीठी धमकी करार दिया।
अस्पताल में भर्ती रेखा आर्या ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि वह लंबे समय से प्रताड़ना झेल रही थीं। अपने आत्मसम्मान और बच्चों की सुरक्षा के लिए उन्होंने अपनी बात सार्वजनिक करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं ऐसे हालात का सामना करती हैं, लेकिन अपनी पीड़ा जाहिर नहीं कर पातीं। इसी पीड़ा को महसूस करते हुए उन्होंने कानूनी लड़ाई लड़ने का फैसला किया, ताकि अन्याय झेल रही महिलाओं को भी आवाज उठाने की प्रेरणा मिल सके।
कथित ऑडियो के बाद लिया फैसला
रेखा आर्या ने कहा कि कोई भी महिला नहीं चाहती कि उसका परिवार बिखर जाए। इसी वजह से वह अब तक चुप रहीं। हालांकि, एक कथित ऑडियो सामने आने के बाद उन्हें लगा कि अब सुधार की कोई गुंजाइश नहीं बची है। उन्होंने कहा कि वह हर जांच में सहयोग करने को तैयार हैं।
यूसीसी के दायरे पर फैसला पुलिस करेगी
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के तहत मामले की जांच की संभावना पर रेखा आर्या ने कहा कि उन्होंने पुलिस को तहरीर दे दी है। मामला यूसीसी के दायरे में आता है या नहीं, इसका निर्णय पुलिस करेगी।
2024 में महिला के खिलाफ दर्ज कराया था मुकदमा
मंत्री ने बताया कि वर्ष 2024 में उन्होंने एक महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उनका आरोप था कि महिला उनके दस्तावेजों और पते का दुरुपयोग कर रही थी। रेखा ने इस मामले में अंतिम रिपोर्ट (एफआर) लगवाने की साजिश में भी अपने पति की भूमिका होने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि हाल में सामने आया कथित ऑडियो इस बात की पुष्टि करता है।
गोदियाल बोले- सहानुभूति है, लेकिन आरोपों का जवाब भी जरूरी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि यदि मंत्री रेखा आर्या के साथ प्रताड़ना हुई है तो उत्तराखंड की बेटी होने के नाते उन्हें पूरी सहानुभूति है। किसी भी महिला के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। हालांकि, उन्होंने कहा कि दूसरी ओर मंत्री के पति की ओर से 210 करोड़ रुपये की कथित बेनामी संपत्ति और गर्भवती महिलाओं को दिए जाने वाले टेक होम राशन (टीएचआर) से जुड़े गंभीर आरोप भी सामने आए हैं। इन आरोपों पर भी जवाब मिलना चाहिए।
समर्थन के लिए जताया आभार, भावुक हुईं मंत्री
मीडिया से बातचीत के दौरान रेखा आर्या ने मुश्किल समय में उनके साथ खड़े लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पक्ष और विपक्ष, दोनों के लोग इस समय उनका साथ दे रहे हैं। यह बात कहते हुए मंत्री भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page