सैनिक स्कूल घोड़ाखाल पहुंचे रक्षा राज्य मंत्री, बालिका छात्रावास का किया उद्घाटन
भवाली। सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में मंगलवार को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के आगमन से गौरवपूर्ण अवसर देखने को मिला। विद्यालय की प्रधानाचार्या ग्रुप कैप्टन मधु सेंगर, उप प्रधानाचार्या कमांडर अर्चना चौधरी और प्रशासनिक अधिकारी मेजर अजय सिंह पवार ने उनका स्वागत किया। विद्यालय पहुंचने पर रक्षा राज्य मंत्री ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद कैडेट्स ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने नवनिर्मित ‘बछेंद्री’ बालिका छात्रावास का उद्घाटन किया। छात्रावास से बालिका कैडेट्स के लिए आवासीय सुविधाओं को मजबूती मिलने के साथ उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रक्षा राज्य मंत्री ने कैडेट्स से संवाद कर उनके अनुभव सुने। उन्होंने कैडेट्स के साथ समूह छायाचित्र खिंचवाया और मेस में उनके साथ दोपहर का भोजन भी किया।
कैडेट्स को संबोधित करते हुए संजय सेठ ने सैनिक स्कूल घोड़ाखाल को उत्कृष्ट एनडीए परिणामों के लिए बधाई दी। उन्होंने विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं, प्रशिक्षण, शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन, चरित्र निर्माण और नेतृत्व विकास की सराहना की। उन्होंने ‘बछेंद्री’ छात्रावास को महिला सशक्तीकरण, समान अवसर और नए युग की शुरुआत का प्रतीक बताया। साथ ही कैडेट्स से प्रामाणिक इतिहास पढ़ने, देश-दुनिया की घटनाओं से अवगत रहने और समर्पण व जिम्मेदारी के साथ राष्ट्रसेवा के लिए स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

