जंगलियागांव में विज्ञान वर्ग खोलने समेत तीन मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
भवाली। ग्राम प्रधान जंगलियागांव राधा कुल्याल ने ग्रामीणों की तीन सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी नैनीताल को संबोधित ज्ञापन उनकी अनुपस्थिति में उप जिलाधिकारी नैनीताल नवाजिश खलीक को कार्यालय में सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।
ज्ञापन में राजकीय इंटर कॉलेज जंगलियागांव में विज्ञान वर्ग खोलने, जंगलियागांव-बूढ़ाधूरा मोटर मार्ग का पक्कीकरण कराने तथा जंगल के किनारे निवास कर रहे लोगों के आवासों और सार्वजनिक रास्तों के किनारे 50 सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की मांग की गई है।
ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने बताया कि उक्त मांगों को लेकर ग्रामीण लंबे समय से प्रयासरत हैं। पिछले दिनों ग्राम पंचायत और क्षेत्र पंचायत की बैठकों में भी इन समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में विज्ञान वर्ग खुलने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। वहीं सड़क का पक्कीकरण होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
ग्रामीणों ने जंगल से सटे इलाकों में सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था के लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाने की भी मांग की है। उन्होंने प्रशासन से तीनों समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
इस दौरान नवीन चंद्र पलड़िया, प्रेम सिंह कुल्याल, चंदन सिंह पड़ियार समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

