गरमपानी- बेतालघाट बाजार स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के खिलाफ सोमवार को व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों का गुस्सा फूट पड़ा। व्यापार मंडल से जुड़े लोगों ने एकजुट होकर बैंक कर्मचारियों पर अभद्र व्यवहार और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए। व्यापारियों का कहना है कि बीते करीब पाँच वर्षों से बैंक के कर्मचारी आम जनता और अपने ही ग्राहकों के साथ ठीक से पेश नहीं आ रहे हैं, जिससे लोगों को रोजमर्रा के बैंकिंग कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जनप्रतिनिधियों तथा जिला पंचायत सदस्य तरुण शर्मा ने आरोप लगाया कि केवाईसी जैसे जरूरी कामों के लिए ग्राहकों को 10 से 12 बार बैंक के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, इसके बावजूद काम समय पर नहीं हो पा रहा। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले लोगों को खासा दिक्कत झेलनी पड़ रही है। व्यापारियों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद बैंक प्रबंधन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
इन समस्याओं को लेकर लीड बैंक अधिकारी को पूर्व में अवगत कराया गया था। सोमवार को लीड बैंक अधिकारी मौके पर पहुंचे, जहां व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बैंक की खामियों और कर्मचारियों के व्यवहार से जुड़ा ज्ञापन सौंपा। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी और आमजन आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
इन दौरन मौके पर जिला पंचायत सदस्य तरुण शर्मा, ग्राम प्रधान दलीप सिंह पडियार, घोड़िया हल्शो ग्राम प्रधान गणेश आर्या, मंडल अध्यक्ष प्रताप बोहरा, व्यापार मंडल अध्यक्ष तारा भंडारी तथा क्षेत्रीय व्यापारी तथा जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

