पीरूमदारा में 14 अक्टूबर को मनेगी महाराजा अग्रसेन जयंती
बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता रहेंगी आकर्षण
रामनगर। अग्रवाल सभा समिति पीरूमदारा की ओर से 14 अक्टूबर को महाराजा अग्रसेन जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर काशीपुर रोड स्थित ला बेलव्यू क्लब एंड रिसॉर्ट में दोपहर 12 बजे से भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और समाज के लोगों का मिलन समारोह मुख्य आकर्षण रहेंगे।
समिति के अध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने बताया कि समारोह में बच्चे आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां देंगे। साथ ही महाराजा अग्रसेन के जीवन, आदर्शों और समाज के प्रति उनके योगदान पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में विजेताओं को सरप्राइज गिफ्ट देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान दोपहर के भोजन की व्यवस्था भी रहेगी।
समिति के सचिव अधिवक्ता डॉ. मनु अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन का जीवन समानता, सेवा, सहयोग और भाईचारे का संदेश देता है। उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में एकता व सौहार्द को मजबूत करने के उद्देश्य से जयंती समारोह आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में राजेश मित्तल विशेष सहयोगकर्ता के रूप में सहयोग देंगे। समारोह की तैयारियों को लेकर समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों की बैठक भी आयोजित की गई। इसमें अध्यक्ष नीरज अग्रवाल, सचिव अधिवक्ता डॉ. मनु अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनुराग अग्रवाल, संगठन मंत्री राहुल अग्रवाल, प्रबंधक संदीप अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अवनीत अग्रवाल और उपसचिव सुशील बंसल सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।
समिति ने अग्रवाल समाज के सभी लोगों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



