गहरी खाई में गिरे झारखंड के युवक को मल्लीताल पुलिस व फायर ब्रिगेड ने सकुशल बचाया
नैनीताल। मल्लीताल कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम ने रविवार को डीएसबी परिसर के पास गहरी खाई में गिरे एक युवक का सफल रेस्क्यू कर उसकी जान बचा ली। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चलाए गए इस अभियान की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि डीएसबी परिसर के समीप एक व्यक्ति गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल दिनेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस और फायर सर्विस की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। गहरी खाई, अंधेरे और कठिन रास्तों के बावजूद टीम ने रस्सियों और अन्य उपकरणों की मदद से नीचे उतरकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जांच में पता चला कि युवक अत्यधिक शराब के नशे में था, जिसके कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में गिर गया। युवक की पहचान हेरमन ठिठियो (35 वर्ष) पुत्र अंतोनिस ठिठियो, निवासी डुम्बरपाठ, गुरदरी, जिला गुमला (झारखंड) के रूप में हुई। वह पिछले कुछ वर्षों से तल्लीताल क्षेत्र के लोकभवन तिराहे स्थित चर्च में कार्यरत है।
रेस्क्यू के बाद पुलिस ने युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई। उपचार के बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
रेस्क्यू अभियान में प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र जोशी के साथ कांस्टेबल अरविंद चंद, शाहिद, चीता मोबाइल के कांस्टेबल सुखदेव, विजेंद्र धामी तथा मल्लीताल फायर स्टेशन की टीम शामिल रही।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

