लालकुआं में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 219 पाउच के साथ तस्कर गिरफ्तार
उपशीर्षक:
किराए के कमरे से चल रहा था शराब तस्करी का कारोबार, गिरोह के दो सरगनाओं पर भी मुकदमा दर्ज
लालकुआं। नैनीताल पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 219 पाउच कच्ची शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी किराए के कमरे से संगठित गिरोह के लिए अवैध शराब की बिक्री और तस्करी का काम कर रहा था। मामले में गिरोह के दो कथित सरगनाओं के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार सैनी तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
बिंदुखत्ता चौकी पुलिस ने 2 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर 2 किलोमीटर ग्राउंड के पास छापेमारी कर अमित राय निवासी वीआईपी गेट, लालकुआं को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो प्लास्टिक के कट्टों में छिपाकर रखे गए 219 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बिंदुखत्ता निवासी सचिन कठैत और चंदन टाकुली के लिए काम करता था। दोनों ने उसे शराब रखने और छिपने के लिए किराए का कमरा उपलब्ध कराया था तथा उसी के माध्यम से अवैध शराब की बिक्री कराई जाती थी।
पुलिस ने अमित राय के साथ ही सचिन कठैत और चंदन टाकुली के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में आबकारी अधिनियम की धारा 60/69(बी) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में चौकी प्रभारी बिंदुखत्ता उपनिरीक्षक गौरव जोशी, कांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह और कांस्टेबल दयाल नाथ शामिल रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

