धर्म के नाम पर नफरत फैलाने और धमकी देने वाला महाराष्ट्र का आरोपी गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें

धर्म के नाम पर नफरत फैलाने और धमकी देने वाला महाराष्ट्र का आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी पुलिस ने पंतनगर से दबोचा, मोबाइल फोन बरामद; एसएसपी ने कहा- ऐसे तत्वों पर होगी सख्त कार्रवाई
हल्द्वानी। धर्म के नाम पर नफरत फैलाने, फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने महाराष्ट्र के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रहीम गुल खान उर्फ वसीम खान (35) निवासी हिवारा लोहिला, थाना वासिम ग्रामीण, जिला वासिम, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गौजाजाली बिचली, पुरानी आईटीआई हल्द्वानी निवासी कमल जोशी ने 5 जून 2026 को कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल नंबर पर फोन कर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि फोन पर धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले शब्दों का भी प्रयोग किया गया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की पहचान महाराष्ट्र निवासी ट्रक चालक के रूप में की। इसके बाद टीम ने महाराष्ट्र तक पहुंचकर आरोपी की तलाश की और 23 जून को उसे पंतनगर से गिरफ्तार कर लिया। विवेचना के दौरान मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त Xiaomi 11 Lite NE मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, चौकी प्रभारी मंडी और कांस्टेबल अरुण राणा शामिल रहे।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि राजनीतिक या अन्य विवादों को धर्म से जोड़कर समाज में वैमनस्य फैलाने, धमकी देने अथवा शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page