मुक्तेश्वर में आईवीआरआई कर्मचारी पर तेंदुए का हमला, क्षेत्र में दहशत

ख़बर शेयर करें

मुक्तेश्वर में आईवीआरआई कर्मचारी पर तेंदुए का हमला, क्षेत्र में दहशत
भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI) में कार्यरत एक कर्मचारी पर सोमवार शाम तेंदुए ने हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार आईवीआरआई कर्मचारी सुखदेव सोमवार शाम करीब 7:30 बजे अपने सरकारी आवास न्यू कॉलोनी से स्कूटी से मोहन बाजार की ओर खाना लेने जा रहे थे। इसी दौरान मुक्तेश्वर शीतला मोटर मार्ग पर घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान तेंदुए के झपटते ही सुखदेव स्कूटी सहित सड़क पर गिर गए। उनकी तेज चीख-पुकार और स्कूटी के एक्सलेटर की आवाज सुनकर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। हमले में सुखदेव के सीने पर तेंदुए के नाखूनों से गहरे घाव हो गए।
घटना के बाद मुक्तेश्वर क्षेत्र में लोगों में भय व्याप्त है। स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र का अधिकांश हिस्सा जंगल से घिरा हुआ है और आसपास तीन विद्यालय भी स्थित हैं। देर रात तक पर्यटकों की आवाजाही भी बनी रहती है, जिससे खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें लगाने तथा तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द पिंजरा लगाने की मांग की है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page