काकड़ीघाट के पास हादसा, गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत
ग्रामीणों और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान, दो गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया
गरमपानी/रानीखेत। काकड़ीघाट के पास हरड़े गांव में रविवार को एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार 50 वर्षीय आनंद राम की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों को खाई से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुयालबाड़ी पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, रविवार को हरड़े गांव के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। खाई गहरी होने और रास्ता दुर्गम होने के कारण घायलों तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसी बीच एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों और रेस्क्यू टीम ने संयुक्त प्रयासों से तीनों घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
सीएचसी सुयालबाड़ी में चिकित्सकों ने हरड़े गांव निवासी आनंद राम पुत्र डूंगर राम (50) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में किशोर राम पुत्र जीवन राम (36) और कैलाश राम पुत्र चनी राम (47) गंभीर रूप से घायल हो गए। चिकित्सक डॉ. राहुल टम्टा ने बताया कि अस्पताल पहुंचने तक एक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। दोनों गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार राजेंद्र अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना की जानकारी जुटाई। पट्टी पटवारी को भी हादसे की सूचना दी गई। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है, जबकि दोनों घायलों के परिजन उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं। दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



