तीन माह से बकाया वाहन किराये पर कुमाऊं आयुक्त सख्त, ठेकेदार को भुगतान कराने के निर्देश

ख़बर शेयर करें

3 माह से बकाया वाहन किराये पर कुमाऊं आयुक्त सख्त, ठेकेदार को भुगतान कराने के निर्देश
नैनीताल, 23 जुलाई। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत सेवाएं दे रहे वाहन स्वामियों को तीन माह से वाहन किराया नहीं मिलने के मामले में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने सख्त रुख अपनाया है। आयुक्त ने मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल को तत्काल समीक्षा कर संबंधित ठेकेदार से बकाया भुगतान कराने तथा भुगतान न होने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
ज्योलीकोट निवासी वाहन स्वामी मनीष कुमार ने आयुक्त को शिकायत पत्र देकर बताया कि वह वाहन संख्या यूके-04 टीबी-8828 के माध्यम से आरबीएसके की भीमताल टीम-2 में सेवा दे रहे हैं। उनका आरोप है कि ठेका श्रीमती शांति देवी मनराल, रामनगर के नाम पर है, जबकि कार्य उनके पति चंदन मनराल देखते हैं। ठेकेदार द्वारा पिछले तीन माह से वाहन का मासिक किराया नहीं दिया गया, जिससे वाहन की किश्त चुकाने और परिवार का भरण-पोषण करने में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए गुरुवार को आयुक्त दीपक रावत ने शिकायतकर्ता मनीष कुमार, वाहन स्वामी हरीश चंद्र तिवारी, संबंधित ठेकेदार तथा अपर मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल को तलब कर मामले की सुनवाई की। जांच में सामने आया कि वाहन स्वामियों ने एमओआईसी से सत्यापित लॉग बुक पहले ही ठेकेदार को उपलब्ध करा दी थी, इसके बावजूद अब तक भुगतान नहीं किया गया।
आयुक्त ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद में आरबीएसके के तहत कार्यरत सभी वाहन स्वामियों के मासिक किराये की तत्काल समीक्षा कर बकाया भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। यदि संबंधित ठेकेदार भुगतान नहीं करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही आयुक्त ने कुमाऊं मंडल के सभी जिलाधिकारियों को भी निर्देश जारी किए हैं कि अपने-अपने जिलों में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत कार्यरत वाहन स्वामियों के लंबित मासिक किराये की समीक्षा कर संबंधित ठेकेदारों से समय पर भुगतान सुनिश्चित कराया जाए।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page