कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने भरा स्व-गणना फॉर्म

ख़बर शेयर करें

कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने किया स्व-गणना, लोगों से भी फॉर्म भरने की अपील
हल्द्वानी। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने बुधवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय से जनगणना के तहत स्व-गणना का ऑनलाइन फॉर्म भरा। इस दौरान उन्होंने लोगों से भी स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि भारत सरकार की ओर से 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के भविष्य और विकास की आधारशिला है। लोगों की ओर से दी गई सही जानकारी से सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी बेहतर योजनाएं बनाने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि स्व-गणना के लिए लोगों को प्रगणक के घर आने का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। भारत सरकार की ओर से शुरू की गई इस सुविधा के तहत लोग घर बैठे अपनी सुविधानुसार ऑनलाइन पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने और परिवार के सदस्यों का विवरण दर्ज कर सकते हैं। इससे समय की बचत होने के साथ ही जानकारी दर्ज करने में त्रुटियों की आशंका भी कम होगी। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर दर्ज की जाने वाली सभी जानकारियां गोपनीय रखी जाएंगी।
आयुक्त ने बताया कि स्व-गणना के लिए लोगों को se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर परिवार के सभी सदस्यों का विवरण और निर्धारित 40 प्रश्नों के उत्तर भरकर सबमिट करने होंगे। इसके बाद मिलने वाली स्व-गणना आईडी को सुरक्षित रखना होगा। जब प्रगणक घर पहुंचे तो उन्हें केवल यह आईडी दिखानी होगी।
अंत में उन्होंने लोगों से जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी निभाते हुए 30 नवंबर से पहले स्व-गणना पूरी करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page